कानपुर स्थित Dr. Ambedkar Institute of Technology for Divyangjan (एआईटीडी) में आयोजित सांस्कृतिक, साहित्यिक व तकनीकी महोत्सव ‘शंखनाद’ के दूसरे दिन शुक्रवार को विविध प्रतियोगिताओं की धूम रही। दिनभर चली प्रतिस्पर्धाओं में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। शाम को आयोजित डीजे नाइट में प्रतिभागियों ने जमकर मस्ती की और पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।
तीन दिवसीय समारोह के अंतर्गत शुक्रवार को ‘एप मनिया’ का फाइनल मुकाबला आयोजित हुआ। इसमें कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग द्वितीय वर्ष की छात्रा अंशिता सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि खुशबू प्रजापति दूसरे स्थान पर रहीं। प्रतिभागियों ने नवीन ऐप आइडिया और तकनीकी दक्षता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
तकनीकी प्रतियोगिताओं में ‘रोबो रेस’ और ‘रोबो सॉकर’ आकर्षण का केंद्र रहीं। रोबो रेस में एनकमवॉर्टेक्स टीम विजेता बनी, जिसमें आयुष कटियार, विशाल सिंह, पवन सिंह, मनीष यादव और उत्कर्ष सिंह शामिल थे। वहीं रोबो सॉकर में टीम वेकना ने बाजी मारी। विजेता टीम में सत्यम त्रिपाठी, आर्यन, भास्कर शुक्ला, पीयूष साहू और चांदनी गौतम शामिल रहे।
इसके अलावा कोलाबोरेटिव स्टोरी, लाइट-कैमरा-एक्शन, यूथ पार्लियामेंट, अंत्याक्षरी और ओपन माइक जैसी साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में डीजे एनी ने लोकप्रिय फिल्मी गीतों की प्रस्तुति से माहौल को और ऊर्जावान बना दिया, जिस पर छात्र-छात्राएं देर शाम तक झूमते रहे।


