– गंभीर मरीजों के बेहतर उपचार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध
रांची: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS), रांची के निदेशक प्रोफेसर राजकुमार (Director Prof. Rajkumar) ने घोषणा की है कि संस्थान जटिल एवं गंभीर मरीजों के उपचार में अपनी सर्वोत्तम चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि रिम्स का लक्ष्य केवल इलाज तक सीमित नहीं, बल्कि मरीज और उनके परिजनों को मानवीय संवेदनाओं के साथ सहयोग देना भी है।
निदेशक ने बताया कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम आधुनिक संसाधनों और समर्पित देखभाल के माध्यम से गंभीर रोगियों का उपचार कर रही है, ताकि अधिक से अधिक जीवन बचाए जा सकें।
प्रो. राजकुमार ने यह भी जानकारी दी कि यदि तमाम प्रयासों के बावजूद किसी मरीज का जीवन नहीं बचाया जा सके, तो संस्थान की ओर से अंतिम संस्कार के लिए ₹5000 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही, दिवंगत व्यक्ति के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक रिम्स के वाहन से उनके गृह जनपद तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह पहल संस्थान की मानवीय संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व को दर्शाती है। रिम्स रांची न केवल चिकित्सा सेवाओं में अग्रणी है, बल्कि कठिन परिस्थितियों में भी मरीजों के परिवार के साथ खड़े रहने के लिए प्रतिबद्ध है।


