20.3 C
Lucknow
Thursday, February 26, 2026

रमजान और होली से पहले मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई, 2180 लीटर संदिग्ध तेल जब्त

Must read

इटावा: रमजान और होली जैसे प्रमुख त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। विभागीय टीम ने जसवंतनगर और भरथना क्षेत्रों में छापेमारी कर भारी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री जब्त की। इस कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया और कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से खिसक गए।

अभियान के तहत सबसे पहले जसवंतनगर की सब्जी मंडी में औचक निरीक्षण किया गया। टीम के पहुंचते ही अधिकांश संदिग्ध दुकानदार दुकानें बंद कर भाग निकले, जिससे कुछ समय के लिए बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। निरीक्षण के दौरान विनोद इंटरप्राइजेज नामक प्रतिष्ठान पर छापेमारी की गई, जहां से 2180 लीटर संदिग्ध सरसों का तेल (मस्टर्ड ऑयल) बरामद किया गया। तेल की गुणवत्ता पर संदेह होने के कारण विभाग ने मौके पर ही दो नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। जब्त तेल को सील कर सुरक्षित रखा गया है।

इसके बाद टीम ने भरथना क्षेत्र में कार्रवाई की। यहां तंबाकू के थोक विक्रेता सुभाष चौरसिया के प्रतिष्ठान पर निरीक्षण के दौरान मसालों और अन्य खाद्य सामग्री के क्रय-विक्रय संबंधी वैध बिल प्रस्तुत नहीं किए जा सके। आवश्यक अभिलेख न दिखाने पर संबंधित व्यापारी को नोटिस थमाया गया है। साथ ही मामले की सूचना जीएसटी विभाग को भी दे दी गई है, ताकि कर संबंधी अनियमितताओं की अलग से जांच की जा सके।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका बढ़ जाती है, जिसे देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आगे भी लगातार छापेमारी जारी रहेगी।

प्रशासन ने व्यापारियों को चेतावनी दी है कि मिलावट, बिना बिल बिक्री या मानकों के विपरीत खाद्य सामग्री पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं आम उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि संदिग्ध खाद्य पदार्थ की सूचना तत्काल विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article