मैनपुरी: किशनी थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर निवासी 35 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड कमलेश यादव की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हत्या की पुष्टि कर दी है। रिपोर्ट में सामने आया है कि पहले उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार किया गया और उसके बाद गला घोंटकर उनकी हत्या की गई। इस खुलासे के बाद पुलिस ने मामले की जांच और तेज कर दी है।
कमलेश यादव कासगंज स्थित एक दूध डेयरी पर सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत थे। 20 फरवरी को वह कासगंज से अपने घर सुल्तानपुर के लिए निकले थे, लेकिन घर नहीं पहुंचे। काफी तलाश के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। बुधवार सुबह उनका शव ग्वालियर-बरेली हाईवे किनारे पॉलीटेक्निक स्कूल से कुछ दूरी पर गेहूं के खेत में पड़ा मिला। शव की स्थिति से अंदेशा था कि वह चार-पांच दिन पुराना है।
शव मिलने के बाद परिजनों ने अपहरण कर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए मार्ग पर जाम लगा दिया था। मृतक के भाई अवधेश कुमार की तहरीर पर पुलिस ने हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। दो चिकित्सकों के पैनल द्वारा कराए गए पोस्टमार्टम में स्पष्ट हुआ कि कमलेश के सिर पर गंभीर चोट पहुंचाई गई थी और उसके बाद उनका गला दबाकर हत्या की गई।
एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामला हत्या की धाराओं में दर्ज कर लिया गया है और विभिन्न पहलुओं पर जांच जारी है। पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं तथा जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
इधर, यह भी जांच का विषय बना हुआ है कि हत्या खेत में ही की गई या कहीं और वारदात को अंजाम देने के बाद शव को हाईवे किनारे लाकर फेंका गया। बृहस्पतिवार को प्रभारी निरीक्षक छत्रपाल सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास के क्षेत्र में साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। हालांकि मौके से क्या अहम सुराग मिले हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
मृतक की बहनों द्वारा पत्नी पर भी संदेह व्यक्त किए जाने के बाद पुलिस हर कोण से मामले की पड़ताल कर रही है। इसी क्रम में मृतक की पत्नी और छोटे बेटे को थाने बुलाकर पूछताछ की गई। जानकारी के अनुसार 22 फरवरी को पत्नी बड़े बेटे के साथ ससुराल सुल्तानपुर आई थीं, जबकि अगले दिन छोटा बेटा अपनी नानी के साथ घर पहुंचा था।
फिलहाल पुलिस कॉल डिटेल, पारिवारिक संबंधों और मृतक की गतिविधियों की गहन जांच कर रही है। गांव में घटना को लेकर आक्रोश और शोक का माहौल है, वहीं परिजन जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं।


