शाहजहांपुर: जनपद में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत खुटार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो युवकों को 614 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बाइक व मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खुटार पुलिस टीम सौफरी पेट्रोल पंप फ्लाईओवर के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली, जिसमें उनके पास से 614 ग्राम अवैध अफीम, दो मोबाइल फोन तथा एक बाइक बरामद हुई।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आशीष गुप्ता पुत्र रामकृष्ण निवासी थाना उचौलिया, जनपद लखीमपुर खीरी तथा ज्ञानेंद्र शर्मा पुत्र विपिन कुमार निवासी ग्राम सहजना, थाना कटरा, जनपद शाहजहांपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गुरुवार को दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।


