20.1 C
Lucknow
Wednesday, February 25, 2026

काली नदी में मिला लापता युवक का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

Must read

मैनपुरी: जनपद के बेवर थाना क्षेत्र के गांव गजियापुर से मंगलवार दोपहर लापता हुए 40 वर्षीय युवक का शव बुधवार शाम काली नदी में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया।

प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

जानकारी के अनुसार, थाना बेवर क्षेत्र के गांव गजियापुर निवासी दिनेश चंद्र मंगलवार दोपहर घर पर भोजन करने के बाद बाहर निकले थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई। बड़े भाई केदार सिंह ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। अंततः उन्होंने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस युवक की तलाश में जुट गई।

बुधवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि काली नदी में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची। नदी किनारे युवक का लोअर और चप्पल पड़े मिले, जिससे आशंका और गहरा गई। शव को बाहर निकालकर पहचान कराई गई, तो उसकी पहचान दिनेश चंद्र के रूप में हुई। शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

परिजनों ने बताया कि दिनेश की पारिवारिक स्थिति ठीक नहीं थी। करीब 15 वर्ष पूर्व उनकी पत्नी उन्हें छोड़कर चली गई थी, जिसके बाद वह अकेले ही जीवन यापन कर रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार, वह सामान्य स्वभाव के व्यक्ति थे, हालांकि हाल के दिनों में कुछ चिंतित रहते थे।

प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने कहा है कि यदि किसी प्रकार की संदिग्ध स्थिति सामने आती है तो आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव गजियापुर में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article