22.5 C
Lucknow
Tuesday, February 24, 2026

अंबेडकर पार्क फिर दबंगों के कब्जे में, कब्जा हटाने के अगले ही दिन दोबारा अतिक्रमण, समिति ने एडीएम से लगाई गुहार

Must read

शमशाबाद (फर्रुखाबाद)। नगर पंचायत शमशाबाद द्वारा पुलिस-प्रशासन के सहयोग से कब्जा मुक्त कराया गया अंबेडकर पार्क एक बार फिर दबंगों के कब्जे में पहुंच गया है। इस मामले को लेकर डॉ. बी.आर. अंबेडकर बहुजन उत्थान सेवा समिति ने अपर जिलाधिकारी फर्रुखाबाद को शिकायती पत्र सौंपकर पुनः कब्जा मुक्त कराए जाने की मांग की है।

समिति के अध्यक्ष सुबोध कुमार ने मंगलवार को अपर जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि नगर क्षेत्र स्थित अंबेडकर पार्क पर कुछ समय पूर्व दबंगों ने अवैध कब्जा कर लिया था। शिकायत के बाद अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत शमशाबाद ने पुलिस प्रशासन के सहयोग से कार्रवाई करते हुए पार्क को कब्जा मुक्त कराया था तथा कब्जाधारियों को रामलीला मैदान के निकट स्थानांतरित कर दिया गया था।

लेकिन समिति के आरोप के अनुसार जिस दिन अवैध कब्जा हटाया गया, उसके अगले ही दिन दबंगों ने पुनः अंबेडकर पार्क की जमीन पर कब्जा कर लिया। वर्तमान में स्थिति यह है कि दबंग खुलेआम पार्क की भूमि पर काबिज हैं और प्रशासनिक कार्रवाई का कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है।

शिकायती पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि जब समिति के सदस्यों ने इस संबंध में नगर पंचायत कार्यालय शमशाबाद के अधिशाषी अधिकारी से संपर्क किया तो उन्होंने कथित तौर पर कहा कि पुलिस बल एवं सक्षम अधिकारियों का पर्याप्त सहयोग न मिलने के कारण दोबारा कार्रवाई नहीं की जा सकी।

इस पूरे प्रकरण से नगर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। समिति के अध्यक्ष सुबोध कुमार के नेतृत्व में राम सनेही, फूलचंद्र, सदाराम, राजीव कुमार, विनोद गौतम, नर सिंह, श्रीकृष्ण, राम औतार सहित लगभग एक दर्जन लोगों ने अपर जिलाधिकारी से मिलकर अंबेडकर पार्क को दबंगों के कब्जे से मुक्त कराए जाने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अंबेडकर पार्क सार्वजनिक स्थल है और यह सामाजिक व सामुदायिक गतिविधियों का केंद्र रहा है। यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में सार्वजनिक संपत्तियों पर कब्जे की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article