अभिलेखों के रखरखाव में खामियां मिलने पर जताई नाराजगी, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
शमशाबाद (फर्रुखाबाद): मंगलवार को अपर जिलाधिकारी फर्रुखाबाद ने नगर पंचायत कार्यालय शमशाबाद का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में रखे आवश्यक अभिलेखों, प्रपत्रों एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया और अधीनस्थ अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का अवलोकन किया। कई अभिलेखों के रखरखाव में अव्यवस्थाएं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी रजिस्टर एवं अभिलेख सुव्यवस्थित ढंग से संधारित किए जाएं और रिकॉर्ड अपडेट रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
अपर जिलाधिकारी ने नगर पंचायत कार्यालय के समस्त अभिलेखों का निरीक्षण करते हुए सफाई व्यवस्था, दस्तावेजों के रखरखाव, लंबित प्रकरणों तथा कार्यालयीन कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिशाषी अधिकारी को निर्देशित किया कि कार्यालय की व्यवस्थाएं पारदर्शी एवं व्यवस्थित रहें, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
लगभग आधे घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत शमशाबाद, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि नदीम अहमद फारूकी तथा कार्यालय के समस्त कर्मचारी मौजूद रहे। निरीक्षण उपरांत अपर जिलाधिकारी ने अधिशाषी अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्त कर्मचारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने और अभिलेखों के उचित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि इन्हीं के आधार पर नागरिकों को प्रमाण पत्र एवं अन्य सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


