न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बंदियों की समस्याएं सुनीं, दिए आवश्यक निर्देश।
फर्रुखाबाद: जिला कारागार फतेहगढ़ (District Jail Fatehgarh) में न्यायिक व्यवस्था और बंदियों की सुविधाओं का जायजा लेने के लिए न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फर्रुखाबाद प्रियंका गाँधी द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल बैरक, पाकशाला एवं लीगल एड क्लीनिक का गहन निरीक्षण कर बंदीगण से सीधा संवाद स्थापित किया।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने बंदियों से उनके लंबित प्रकरणों की जानकारी ली तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि किसी भी बंदी को विधिक सहायता के अभाव में परेशानी न उठानी पड़े। उन्होंने अस्पताल बैरक में भर्ती बंदियों के स्वास्थ्य संबंधी स्थिति की जानकारी ली और वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. नीरज को उपचार व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
पाकशाला का निरीक्षण करते हुए भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित मानकों के अनुपालन की समीक्षा की गई। जेल प्रशासन को भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
इस दौरान उपस्थित एडवोकेट सुरेंद्र कुमार राना , डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल, ने बंदीगण को विधिक सहायता संबंधी जानकारी दी और उनके प्रकरणों पर आवश्यक राय प्रदान कर उन्हें जागरूक किया।
निरीक्षण के समय जिला कारागार अधीक्षक अरविन्द श्रीवास्तव , जेलर वैभव कुशवाहा सहित जेल प्रशासन के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान यह भी सुनिश्चित किया गया कि बंदियों को विधिक सहायता, स्वास्थ्य सेवाएं एवं बुनियादी सुविधाएं समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराई जाएं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा समय-समय पर ऐसे निरीक्षण किए जाने से कारागार व्यवस्था में सुधार की दिशा में सकारात्मक पहल मानी जा रही है।


