ललितपुर
जनपद अंतर्गत मड़ावरा क्षेत्र में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लहर धाम तिराहे के पास एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई, जिससे बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक धवा गांव में आयोजित मुंडन कार्यक्रम में शामिल होकर अपने घर वापस लौट रहे थे। रास्ते में अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान खिरिया छतारा और बनयाना गांव के निवासियों के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन और ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने का प्रतीत हो रहा है। आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।


