ललितपुर जनपद में कोतवाली तालबेहट क्षेत्र के ग्राम तेरई फाटक के पास नेशनल हाईवे-44 पर शनिवार रात सड़क हादसा हो गया। झांसी से ललितपुर की ओर आ रही एक कार सड़क किनारे खड़े लोडर (तीन पहिया वाहन) से टकरा गई। हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक वृद्धा की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना शनिवार रात करीब 8 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े लोडर से जा भिड़ी। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
हादसे में कार सवार 55 वर्षीय राजू, 40 वर्षीय रंजना और 80 वर्षीय शांति, सभी निवासी झांसी घायल हो गए। सूचना मिलते ही चौकी तेरई फाटक पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट पहुंचाया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद वृद्धा शांति की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। अन्य दो घायलों का इलाज जारी है।
पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला लापरवाही या वाहन नियंत्रण खोने से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।


