हमीरपुर जिले में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। बेटी के कन्यादान का सामान खरीदने बाजार आए पिता की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि उनका भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार महोबा जिले के खरेला थाना क्षेत्र के बसौठ गांव निवासी सिद्धगोपाल (50) अपने भांजे देवकरन निवासी कराहरा के साथ बाइक से मुस्करा बाजार खरीदारी करने आए थे। दोपहर करीब तीन बजे जैसे ही वे थाना गेट के पास पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों मामा-भांजा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां चिकित्सकों ने सिद्धगोपाल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था। आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में लेकर वाहन को थाने में खड़ा करा दिया गया है।
थाना प्रभारी योगेश तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया कि 18 फरवरी को सिद्धगोपाल की बड़ी बेटी कोमल की शादी तय थी और सोमवार को घर में मंडप का कार्यक्रम चल रहा था। नाते-रिश्तेदार जुटे हुए थे और शादी की तैयारियां चल रही थीं। पिता की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। दोनों पक्षों की सहमति से शादी को आगे की तिथि तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।


