शमसाबाद, फर्रुखाबाद: नगर क्षेत्र में एक किशोर के अचानक लापता हो जाने से परिजनों में हड़कंप मच गया। करीब आठ घंटे तक तलाश के बाद किशोर के सकुशल मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत के मोहल्ला मछली हवेली निवासी जह नूल (16) पुत्र अनवर सोमवार दोपहर करीब 1 बजे घर से बाजार सामान लेने के लिए निकला था। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता सताने लगी। काफी देर इंतजार के बाद परिवार ने मोहल्ले के लोगों के साथ उसकी तलाश शुरू कर दी।
परिजन संभावित स्थानों पर खोजबीन करते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसी बीच देर रात करीब 10 बजे थाना क्षेत्र के गांव उलियापुर से एक ग्रामीण के मोबाइल फोन से किशोर ने परिजनों से संपर्क कर अपनी कुशलता की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही परिजन रात में ही उलियापुर पहुंचे और जह नूल को सकुशल घर ले आए। मंगलवार सुबह परिजन किशोर को लेकर थाने पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी। थाना अध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि किशोर कहीं चला गया था और बाद में स्वयं ही परिजनों के संपर्क में आ गया। फिलहाल वह पूरी तरह सुरक्षित है और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई है।


