फर्रुखाबाद: सोमवार को क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद (Circle Officer Mohammadabad) द्वारा थाना नवाबगंज (Nawabganj police station) का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाने की विभिन्न व्यवस्थाओं और अभिलेखों की गहन समीक्षा की गई। निरीक्षण क्रम में सर्वप्रथम मिशन शक्ति केंद्र का अवलोकन किया गया, जहां महिलाओं की सहायता एवं सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। इसके पश्चात थाना परिसर की बैरक, मेस, थाना कार्यालय तथा हवालात का सम्यक रूप से निरीक्षण किया गया।
क्षेत्राधिकारी ने थाने में रखे समस्त अभिलेखों की जांच कर उनके सुव्यवस्थित रखरखाव के निर्देश दिए। साथ ही साफ-सफाई, अभिलेखों के अद्यतन रखरखाव, सुरक्षा व्यवस्था तथा आगंतुकों के प्रति व्यवहार को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
उन्होंने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, महिला संबंधित मामलों में संवेदनशीलता बरतने तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी सहित समस्त पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा। अधिकारियों ने बेहतर कार्यप्रणाली बनाए रखने और शासन की मंशानुसार कार्य करने के निर्देश दिए।


