कानपुर| उत्तर प्रदेश वस्त्र प्रौद्योगिकी संस्थान (यूपीटीटीआई) में दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद समारोह ‘स्फूर्ति’ का उत्साहपूर्वक शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा के पूर्व कुलपति डॉ. अरविंद दीक्षित, प्रो. गोपाल दीक्षित तथा संस्थान के निदेशक प्रो. जी. नलनकिल्ली ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन अवसर पर छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
समारोह के पहले दिन शुक्रवार को विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें जैवलिन थ्रो का फाइनल मुकाबला विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस स्पर्धा में सौम्या राय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। प्राची राय और आरुषी ने संयुक्त रूप से रजत पदक प्राप्त किया, जबकि चंचल ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
आयोजन समिति से जुड़ी डॉ. नीलू कम्बो ने बताया कि छात्र-छात्राओं ने दौड़, शॉटपुट थ्रो, डिस्कस थ्रो सहित अन्य प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के दौरान प्रतिभागियों में जीत का जज़्बा और खेल भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
समारोह के दूसरे दिन शनिवार को सभी शेष प्रतियोगिताओं के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जिसके बाद विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। संस्थान प्रशासन ने उम्मीद जताई कि इस तरह के आयोजन छात्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


