जिले के 40 से अधिक विभाग होंगे शामिल, एक ही स्थान पर मिलेगा योजनाओं का लाभ
फर्रुखाबाद: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फर्रुखाबाद के तत्वावधान में 22 फरवरी 2026 (रविवार) को सुबह 10 बजे से एक मेगा बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर (Mega legal aid camp) का आयोजन किया जाएगा। यह विशाल शिविर फतेहगढ़ (Fatehgarh) स्थित ऑफिसर क्लब परिसर में प्रस्तावित है। शिविर की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव प्रियंका गांधी ने नोडल अधिकारी/अपर जिला जज संजय कुमार (VI) के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया। यह आयोजन राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों तथा जनपद न्यायाधीश नीरज कुमार के मार्गदर्शन में किया जाएगा।
बैठक के दौरान शिविर की रूपरेखा, आवश्यक व्यवस्थाओं और विभागीय समन्वय पर गहन चर्चा हुई। सचिव प्रियंका गांधी ने बताया कि शिविर के सफल आयोजन हेतु जिले के 40 से अधिक विभागों की सहभागिता अनिवार्य की गई है, जिनमें प्रमुख रूप से पुलिस विभाग, कृषि विभाग, बैंक ऋण एवं सहायता योजनाएं, युवा कल्याण विभाग, वन विभाग, विद्युत वितरण विभाग, खनन विभाग, राजस्व विभाग, श्रम कल्याण विभाग, पंचायती राज विभाग, आवास एवं नगर विकास विभाग, औद्योगिक विभाग, नगर पालिका परिषद, समाज कल्याण विभाग, कौशल विकास विभाग, जल शक्ति विभाग, परिवहन विभाग, जिला प्रोबेशन अधिकारी, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग, शिक्षा विभाग, पशुपालन विभाग, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, खाद्य सुरक्षा एवं रसद विभाग सहित अन्य विभाग शामिल होंगे।
इस संबंध में जिलाधिकारी/सदस्य आशुतोष कुमार द्विवेदी ने सहमति व्यक्त करते हुए सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आश्वासन दिया।
मेगा शिविर को दो चरणों में संपन्न किया जाएगा प्रथम चरण मे मेगा शिविर से पूर्व जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में लघु शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें विभाग अपनी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे और पात्र लाभार्थियों की पहचान करेंगे। द्वितीय चरण मे चिन्हित लाभार्थियों को 22 फरवरी को आयोजित मेगा शिविर में विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।
निर्बल वर्गों को मिलेगा सीधा लाभ
सचिव प्रियंका गांधी ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, निर्धन परिवार, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक, अनुसूचित जाति-जनजाति, बेरोजगार युवा एवं किसानों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर सचिन सिंह (बाल कल्याण अधिकारी), डीपीओ अनिल चंद्रा, नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद के ईओ विनोद सरोज, सुरेंद्र कुमार राणा (डिप्टी चीफ लीगल डिफेंस काउंसिल), डीएलएसए कार्यालय लिपिक राम सिंह मौर्य, अधिकार मित्र अनुज कुमार, सुबोध कुमार, हेतराम, प्रियम कुमार, राघवेश द्विवेदी, गौरव कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


