औरैया।
बिधूना कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बिधूना–एरवाकटरा मार्ग पर भटौली गांव के पास सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रिश्तेदारी में आयोजित तिलक समारोह से लौट रहे मोपेड सवार बुजुर्ग को अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। हादसे के बाद मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान कोतवाली क्षेत्र के गांव मुर्चा निवासी छुटकन (75) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह मोपेड से उमरैन गांव में एक रिश्तेदार के यहां तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। शाम करीब पांच बजे घर लौटते समय जैसे ही वह भटौली गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने उनकी मोपेड में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल बुजुर्ग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि हादसा अज्ञात ट्रक की टक्कर से हुआ है और चालक मौके से फरार हो गया। मामले की जांच की जा रही है, तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


