भाजपा पार्षद के चाचा समेत दो स्मैक तस्कर गिरफ्तार, 70 ग्राम नशा बरामद
बरेलीl फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में पुलिस ने स्मैक तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा पार्षद के चाचा समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 70 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। यह कार्रवाई सीबीगंज क्षेत्र में की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
शनिवार शाम थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एएनए कॉलेज रोड से हाईवे की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर स्मैक की सौदेबाजी करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पुलिस को लंबे समय से इस इलाके में नशे के कारोबार की सूचना मिल रही थी। मौके से पकड़े गए दोनों आरोपियों को थाने लाकर पूछताछ की गई, जहां उनके पास से स्मैक बरामद हुई।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी दिनेश गुप्ता, सीबीगंज के सर्वोदय नगर का निवासी है। उसके पास से 47 ग्राम स्मैक मिली है। दूसरा आरोपी सलमान, फतेहगंज कस्बे के मोहल्ला अंसारी (वार्ड-9) का रहने वाला है, जिसके पास से 23 ग्राम स्मैक बरामद की गई। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर चालान की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दिनेश गुप्ता का नशे के कारोबार से पुराना नाता है। उसके खिलाफ उत्तराखंड के रुद्रपुर और काशीपुर में भी स्मैक तस्करी के मामले दर्ज हैं। बताया गया कि दिनेश गुप्ता, सीबीगंज से भाजपा के पार्षद और उप्र उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष रचित गुप्ता का चाचा है, जिससे मामला और भी चर्चा में आ गया है।
गिरफ्तारी के बाद दिनेश गुप्ता को छुड़ाने के लिए थाने स्तर पर दबाव और पैरवी की कोशिशें भी हुईं, लेकिन थाना प्रभारी ने किसी दबाव में आए बिना कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी रसूखदार को बख्शा नहीं जाएगा।


