बरेलीl
होली चार मार्च को होने के चलते त्योहार से पहले ही ट्रेनों में यात्रियों की जबरदस्त भीड़ उमड़ पड़ी है। बरेली होकर गुजरने वाली अप और डाउन की लगभग सभी प्रमुख ट्रेनें मार्च के पहले सप्ताह के लिए फुल हो चुकी हैं। हालात यह हैं कि यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है और वेटिंग लिस्ट लगातार बढ़ती जा रही है। घर पहुंचने की जल्दी में लोग अब रेलवे द्वारा विशेष ट्रेनों की घोषणा का इंतजार कर रहे हैं।
बरेली जंक्शन से होकर रोजाना औसतन 195 ट्रेनों का आवागमन होता है। फिलहाल कोहरे के कारण 38 ट्रेनें निरस्त चल रही हैं, जिनका संचालन मार्च के पहले सप्ताह से दोबारा शुरू होना है। रेलवे ने इन गाड़ियों की बुकिंग पहले ही खोल दी थी, लेकिन यात्रियों की भारी मांग के चलते इनमें भी शुरुआती दिनों की सभी सीटें भर चुकी हैं। इससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है।
होली के आसपास कई प्रमुख ट्रेनों में टिकटों की बुकिंग पूरी तरह बंद कर दी गई है। इनमें 13429 वाराणसी–आनंद विहार साप्ताहिक, 20503-04 राजधानी एक्सप्रेस, 12392-91 श्रमजीवी एक्सप्रेस, 15910-09 अवध-असम एक्सप्रेस, 12204-05 सहरसा गरीब रथ और 12372-73 दिल्ली–हावड़ा साप्ताहिक सुपरफास्ट शामिल हैं। इन ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट काफी लंबी होने के कारण रेलवे ने आगे की बुकिंग रोक दी है।
इसके अलावा 22542-43 वाराणसी गरीब रथ, 15127 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, 15005-06 राप्ती गंगा एक्सप्रेस, अयोध्या एक्सप्रेस, पद्मावत एक्सप्रेस और लखनऊ मेल जैसी ट्रेनों में भी मार्च के पहले सप्ताह के लिए टिकट उपलब्ध नहीं हैं। बिहार, हावड़ा, दिल्ली और मुंबई रूट की ट्रेनों में स्थिति और भी खराब बताई जा रही है, जहां वेटिंग 200 के पार पहुंच चुकी है।
यात्रियों को अब रेलवे की ओर से होली स्पेशल ट्रेनों के संचालन की उम्मीद है। माना जा रहा है कि यदि विशेष गाड़ियों की समय सारिणी जल्द घोषित की जाती है तो हजारों यात्रियों को राहत मिल सकती है। फिलहाल बरेली सहित आसपास के स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ रही है और हर कोई यही सवाल कर रहा है कि होली पर घर पहुंचना इस बार कितना आसान या मुश्किल साबित होगा।


