17 C
Lucknow
Monday, February 9, 2026

हेलमेट के प्रति लापरवाही बरकरार, 18 हजार से अधिक दोपहिया चालकों का चालान

Must read

 

फतेहपुरl शहर में यातायात नियमों के पालन को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद बाइक सवारों की लापरवाही कम होने का नाम नहीं ले रही है। हेलमेट पहनने को लेकर नियम सख्ती से लागू हैं, फिर भी बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन चालक बिना हेलमेट सड़कों पर फर्राटा भरते नजर आ रहे हैं। स्थिति यह है कि अब तक करीब 18 हजार बाइक चालकों का बिना हेलमेट चालान किया जा चुका है, इसके बावजूद नियमों की अनदेखी जारी है।

यातायात पुलिस द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पटेल चौराहा, अटल चौक, पथरकटा चौराहा और लखनऊ बाईपास जैसे व्यस्त इलाकों में सुबह और शाम के समय विशेष रूप से वाहन जांच की जा रही है। पुलिस कर्मी वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक कर रहे हैं और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई भी कर रहे हैं।

यातायात प्रभारी लालजी सविता ने बताया कि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने पर 500 से 1000 रुपये तक का चालान किया जा रहा है। इसके बावजूद वाहन चालक न तो जुर्माने से डर रहे हैं और न ही अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 36 हजार से अधिक वाहनों के चालान किए जा चुके हैं, फिर भी अपेक्षित सुधार नजर नहीं आ रहा है।

हादसों के आंकड़े भी हेलमेट की अनदेखी की गंभीरता को साफ दर्शाते हैं। यातायात प्रभारी के अनुसार, जिले में होने वाली अधिकांश बाइक दुर्घटनाओं में घायल होने वाले लोगों ने हेलमेट नहीं पहन रखा होता है। ज्यादातर मामलों में सिर में गंभीर चोट लगने की पुष्टि होती है, जो कई बार जानलेवा साबित हो जाती है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि जागरूकता अभियान और सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चालकों से अपील की है कि वे चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी जान की सुरक्षा के लिए हेलमेट का इस्तेमाल करें। नियमों का पालन ही सड़क हादसों में मौत और गंभीर चोटों को कम करने का सबसे प्रभावी उपाय है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article