17 C
Lucknow
Monday, February 9, 2026

महाराणा प्रताप ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन में छात्रों का धरना, कॉलेज गेट पर तनाव

Must read

कानपुर।

मंधना स्थित महाराणा प्रताप ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूशन में छात्रों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। देरी से कॉलेज पहुंचने पर कुछ छात्र-छात्राओं की कथित पिटाई से नाराज विद्यार्थियों ने दो दिन पहले कॉलेज परिसर में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की थी। इसके बाद सोमवार को कॉलेज खुलते ही छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर कॉलेज गेट पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।

छात्रों का कहना है कि शिक्षकों द्वारा मारपीट की घटना के बाद उन्होंने कई मांगें रखी थीं, लेकिन कॉलेज प्रशासन ने अब तक उन्हें पूरा नहीं किया है। इसी के विरोध में सैकड़ों छात्र-छात्राएं गेट पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता भी छात्रों के समर्थन में मौजूद हैं।

धरना प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि स्थिति बिगड़ने न पाए। कॉलेज के बाहर तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, हालांकि अभी तक किसी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार मौके पर मौजूद रहकर छात्रों से बातचीत कर रहे हैं और उन्हें शांत करने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस और प्रशासन की कोशिश है कि छात्रों और कॉलेज प्रबंधन के बीच संवाद स्थापित कर जल्द से जल्द समाधान निकाला जाए।

फिलहाल कॉलेज गेट पर धरना जारी है और छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि हालात पर नजर रखी जा रही है और बातचीत के जरिए मामला सुलझाने की कोशिश की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article