बदायूंl जिले के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में महिला से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवक पीड़िता के पति के दोस्त बताए जा रहे हैं। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और मामले को लेकर लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।
पीड़ित महिला ने रविवार को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तहरीर में उसने आरोप लगाया कि उसके पति ने अपने दो दोस्तों से एक हजार रुपये लिए थे। इसके बाद उसने महिला को उन्हीं दोस्तों के हवाले कर दिया। महिला का कहना है कि आरोपी उसे जबरन एक बाग में ले गए और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
मामला दर्ज होते ही पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की गई। पुलिस ने साक्ष्यों और महिला के बयान के आधार पर दोनों आरोपियों की तलाश तेज कर दी। कुछ ही समय में पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया और थाने लाकर उनसे पूछताछ की जा रही है।
एसपी ग्रामीण हृदेश ने बताया कि दुष्कर्म के आरोप में नामजद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि महिला द्वारा अपने पति पर लगाए गए गंभीर आरोपों की भी गहनता से जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता को हरसंभव न्याय दिलाने का आश्वासन दिया गया है। इस घटना ने रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है, जिस पर पुलिस पूरी गंभीरता से काम कर रही है।


