असोथर। गाजीपुर–विजयीपुर मार्ग पर शनिवार सुबह झाल तिराहे के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पंक्चर की दुकान के बाहर खड़ी कार में तेज रफ्तार बाइक सवार जा टकराए, जिससे बाइक पर सवार तीन युवक घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को पहले सीएचसी भिजवाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया गया कि बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिससे चोटें गंभीर होने की आशंका बढ़ गई।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी अनुपम की कार पंक्चर की दुकान के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान गाजीपुर की ओर से आ रही बाइक अनियंत्रित होकर सीधे कार से टकरा गई। हादसे में कंधिया निवासी जीशान, बेर्रांव निवासी निखिल और कृष्ण सिंह घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना का कारण बाइक की तेज रफ्तार थी। बाइक चालक जीशान डीजे का काम करता है और असोथर स्थित एक दुकान से डीजे मशीन लेने जा रहा था। टक्कर में बाइक और कार दोनों को नुकसान पहुंचा है।


