16 C
Lucknow
Sunday, February 8, 2026

क्रिकेट खेलते समय 13 वर्षीय छात्र की मौत, मैदान में गिरकर हुआ बेहोश, गांव में पसरा मातम

Must read

मैनपुरी: बिछवां थाना (Bichhwa police station) क्षेत्र में रविवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां क्रिकेट खेलते (playing cricket) समय 13 वर्षीय छात्र की अचानक मौत हो गई। मृतक छात्र विराट चौहान गांव सहारा का निवासी था और कक्षा छह में पढ़ता था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार सुबह विराट चौहान अपने दोस्तों के साथ घर के पास स्थित मैदान में क्रिकेट मैच खेलने गया था।

खेल के दौरान वह बॉलिंग कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक गेंद फेंकने के बाद विराट के हाथ में अचानक तेज दर्द उठा। कुछ देर बाद उसने दूसरी गेंद फेंकी, लेकिन दर्द बढ़ता गया और वह जमीन पर लेटकर छटपटाने लगा। देखते ही देखते वह बेहोश हो गया। साथी बच्चे उसे उठाने की कोशिश करने लगे, लेकिन जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो वे घबरा गए और तुरंत विराट के परिजनों को सूचना दी।

परिजन आनन-फानन में विराट को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर ललित ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार विराट को अस्पताल लाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि बच्चा मृत अवस्था में इमरजेंसी वार्ड में लाया गया था, ऐसे में मौत के सटीक कारण की पुष्टि नहीं की जा सकती।

डॉक्टरों ने प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक की आशंका जताई है, हालांकि परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम न कराए जाने के कारण मौत की वास्तविक वजह सामने नहीं आ सकी। विराट लहरा क्षेत्र स्थित अनारा एजुकेशन एकेडमी में पढ़ता था और पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी सक्रिय था।

मृतक विराट अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता सोमेंद्र सिंह चौहान खेती-किसानी करते हैं और घटना के समय किसी काम से दिल्ली गए हुए थे। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही वह दिल्ली से गांव के लिए रवाना हो गए। घर में मां सुनीति देवी और छोटी बहन आराधा का रो-रोकर बुरा हाल है। इस अचानक हुई मौत से पूरे गांव में मातम छाया हुआ है और हर आंख नम है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article