कानपुरl शुक्लागंज के कोतवाली गंगा घाट क्षेत्र अंतर्गत जाजमऊ चौकी के ग्राम कंजा खेड़ा में शुक्रवार दोपहर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। नशे में धुत एक युवक ने अपनी वृद्ध मां के सिर पर लोहे के पाइप से वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। घटना से गांव में हड़कंप मच गया।
मृतका की पहचान शांति देवी (75) पत्नी स्वर्गीय रामकुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि उनका छोटा बेटा राजन शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे घर पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह अत्यधिक नशे की हालत में था।
घटना के समय शांति देवी घर के बाहर बैठी धूप सेंक रही थीं। पास ही मृतका के देवर स्वर्गीय शिवलाल की बहू प्रेमा देवी और सास नन्हीं देवी भी मौजूद थीं। तभी राजन वहां पहुंचा और बिना कुछ कहे लोहे के पाइप से शांति देवी के सिर पर एक के बाद एक दो वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से शांति देवी मौके पर ही गिर पड़ीं और उनकी मौत हो गई।
बीच-बचाव के लिए आगे बढ़ीं प्रेमा देवी पर भी आरोपी ने हमला करने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह अपनी जान बचाकर भाग निकलीं। इसके बाद आरोपी बाइक लेकर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश सिंह, सीओ सिटी वनी सिंह और कोतवाली प्रभारी अजय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया गया कि मृतका के दो बेटे हैं, बड़ा बेटा राजेश और छोटा बेटा राजन। दोनों एक ही मकान में रहते थे। आरोपी राजन की पत्नी तीन साल पहले मायके चली गई थी और तभी से वह अकेला रह रहा था। वह जमीन की खरीद-फरोख्त का काम करता था।
पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हत्या के कारणों की जांच की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।


