एटा: कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सरसेला निवासी 28 वर्षीय युवक ने शुक्रवार को फांसी लगाकर आत्महत्या (suicide) कर ली। युवक का शव पर्यटक स्थल पटना पक्षी विहार के सामने स्थित एक गेस्ट हाउस (guest house) में फंदे से लटका मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।
बताया गया कि शुक्रवार सुबह पशु चराने गए बच्चों ने गेस्ट हाउस के अंदर युवक को फंदे पर लटका देखा। बच्चों की सूचना पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। शव को देखने पर युवक की छाती पर ‘सरिता’ नाम लिखा हुआ मिला, जिससे प्रेम प्रसंग की आशंका और गहरा गई है। इस बात की चर्चा मौके पर मौजूद लोगों के बीच होती रही।
मृतक की पहचान ग्राम सरसेला निवासी सौरभ कुमार पुत्र कमल सिंह (28) के रूप में हुई है। सौरभ तीन बच्चों का पिता था और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के अनुसार गुरुवार सुबह वह मजदूरी पर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश भी की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह जब आत्महत्या की सूचना मिली तो परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल छा गया।
सूचना पर जलेसर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की मां केला देवी ने पुलिस को बताया कि सौरभ का गांव की ही एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसके चलते वह मानसिक तनाव में था और इसी कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है। मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जलेसर थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की सही वजह सामने आ सके।


