तीन दिनों से गांवों के आसपास घूम रहा था तेंदुआ, संदिग्ध हालात में मौत; पोस्टमार्टम को भेजा गया शव
पूरनपुर, पीलीभीत।
सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब श्रीनगर गौंटिया गांव की आबादी से सटे गन्ने के खेत में एक तेंदुए का शव बरामद हुआ। जंगल से भटककर आबादी की ओर पहुंचे इस तेंदुए की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बरेली स्थित भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान भेज दिया गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, बीते कुछ समय से सेहरामऊ इलाके के आधा दर्जन से अधिक गांवों में तेंदुए की दहशत बनी हुई थी। यह तेंदुआ लगातार आबादी के आसपास घूम रहा था और कुछ स्थानों पर हमले की घटनाएं भी सामने आई थीं। पिछले तीन दिनों से वह पटिहन गांव की आबादी के पास देखा जा रहा था, जिससे लोगों में भय का माहौल था। गुरुवार देर रात तेंदुआ नेतापुर की आबादी में भी घुस आया था।
वन विभाग की टीम लगातार तेंदुए की निगरानी कर रही थी। बताया जा रहा है कि तेंदुआ बीमार अवस्था में था और आबादी के नजदीक गन्ने के खेतों में बार-बार मूवमेंट कर रहा था। शुक्रवार रात श्रीनगर गौंटिया गांव के पास गन्ने के खेत में उसकी मौत हो गई। शनिवार सुबह खेत पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव देखा तो तुरंत सामाजिक वानिकी विभाग को सूचना दी।
सूचना पर खुटार सामाजिक वानिकी रेंजर मनोज कुमार श्रीवास्तव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को रेंज कार्यालय लाकर पोस्टमार्टम के लिए आईवीआरआई भेज दिया।
रेंजर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तेंदुआ पिछले तीन दिनों से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा था और आबादी के नजदीक लगातार देखा जा रहा था। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल तेंदुए की मौत के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, जबकि वन विभाग पूरे मामले की गहन जांच में जुटा हुआ है।
आबादी से सटे गन्ने के खेत में मिला तेंदुए का शव, इलाके में सनसनी


