अमृतपुर फर्रुखाबाद: थाना राजेपुर क्षेत्र अंतर्गत डबरी तिराहा के पास मंगलवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कार संख्या यूपी 53 CR-2291 से शाहजहांपुर की ओर जा रहे दो युवक दुर्घटना का शिकार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार में सवार श्री राज वर्मा पुत्र श्री अजय कुमार वर्मा निवासी ग्राम रूपपुर थाना गुरसहायगंज जिला कन्नौज एवं उनका मित्र मोहित पुत्र रामबकाश निवासी ग्राम गड़ा खेड़ा थाना जहानगंज जिला फर्रुखाबाद जा रहे थे। जैसे ही कार डबरी तिराहा पार कर आगे बढ़ी, तभी रात करीब 20:30 बजे चालक मोहित कार पर से नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नीचे खाई में जा गिरी।
दुर्घटना में कार सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर आसपास के लोगों की मदद से दोनों घायलों को प्राइवेट वाहन द्वारा राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय, फर्रुखाबाद भिजवाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना राजेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रभारी निरीक्षक सुदेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है तथा लॉ एंड ऑर्डर की कोई समस्या नहीं है।
पुलिस द्वारा मामले की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
डबरी तिराहा के पास कार खाई में गिरी, दो युवक गंभीर घायल


