लगातार हत्याओं से पुलिस प्रशासन में मची खलबली
हत्याओं के खुलासे में नाकाम दिखी शाहजहांपुर पुलिस
शाहजहांपुर: जनपद के तहसील जलालाबाद (Jalalabad tehsil) क्षेत्र में बीते दो दिनों के भीतर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो युवकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई है। लगातार सामने आ रही इन वारदातों ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मचा हुआ है।
ताजा मामला थाना अल्लाहगंज क्षेत्र के ग्राम रावतपुर का है, जहां पंचायत भवन में एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया। युवक की बेरहमी से हत्या की गई है। हमलावर ने सिर और चेहरे पर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर युवक की जान ले ली। चेहरे पर गंभीर चोटों के कारण मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। सुबह पंचायत भवन में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर थाना अल्लाहगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे जनपद में हत्या की खबर फैल गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने तत्काल संज्ञान लिया और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। उन्होंने थाना अल्लाहगंज पुलिस को आवश्यक कार्रवाई एवं जल्द से जल्द घटना के खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि, लगातार दो दिनों में दो युवकों की हत्या से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है और आमजन के बीच यह सवाल उठने लगे हैं कि आखिर शाहजहांपुर पुलिस इन हत्याओं का खुलासा करने में क्यों नाकाम साबित हो रही है।


