पीड़िता ने पांच लोगों के खिलाफ थाने में दी तहरीर
शमशाबाद (फर्रुखाबाद): शमशाबाद थाना (Shamshabad Police Station) क्षेत्र में एक महिला के घर में घुसकर गाली-गलौज (abusing) करने और विरोध करने पर उसके पुत्रों को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने ज्ञात व अज्ञात सहित पांच लोगों के खिलाफ शमशाबाद थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम हसनापुर निवासी राजेश्वरी देवी पत्नी अवधेश कुमार ने शमशाबाद थाना पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 4 जनवरी की अपराह्न करीब 3 बजे ग्राम असगरपुर निवासी शनि पुत्र विष्णु दयाल अपने चार अन्य साथियों के साथ उसके घर में जबरन घुस आया। सभी आरोपियों के हाथों में लाठी-डंडे थे और वे घर में घुसते ही गाली-गलौज करने लगे।
पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने उसके पुत्रों के बारे में जानकारी पूछते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया। जब उसने इसका विरोध किया और घर में घुसने का कारण पूछा, तो आरोपियों ने और अधिक गाली-गलौज करते हुए उसके दोनों पुत्रों रोहित और सोनू को जान-माल की धमकी दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद से पीड़िता और उसका परिवार दहशत में है। आरोपियों की धमकी से घबराई महिला ने शमशाबाद थाना पुलिस को ज्ञात-अज्ञात सहित पांच लोगों के खिलाफ तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में शमशाबाद थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है, जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।


