फर्रुखाबाद: समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय (Samajwadi Party district office) पर आज सावित्रीबाई फुले (Savitribai Phule) की जयंती श्रद्धा, सम्मान और वैचारिक संकल्प के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन सादगीपूर्ण लेकिन विचारोत्तेजक माहौल में हुआ, जिसमें पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। कार्यक्रम की अध्यक्षता चंद्रपाल सिंह यादव, जिला अध्यक्ष समाजवादी पार्टी ने की।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि सावित्रीबाई फुले केवल एक समाज सुधारक नहीं, बल्कि महिला शिक्षा और महिला सम्मान की मजबूत नींव थीं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं राजनीति, प्रशासन, शिक्षा, विज्ञान और सामाजिक जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, लेकिन यदि माता सावित्रीबाई फुले का संघर्ष और योगदान न होता तो देश की आधी आबादी आज भी शिक्षा और अधिकारों से वंचित रह जाती। उन्होंने सावित्रीबाई फुले को ज्ञानज्योति और क्रांतिज्योति बताते हुए कहा कि उनका जीवन समाजवादी विचारधारा के मूल में निहित समानता और सामाजिक न्याय का जीवंत उदाहरण है।
जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह यादव ने अपने वक्तव्य में कहा कि महिलाओं का सम्मान केवल भाषणों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि व्यवहार और व्यवस्था में दिखना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक समाज के हर स्तर पर महिलाओं को समान अवसर और सम्मान नहीं मिलेगा, तब तक सशक्त और समतामूलक समाज की कल्पना अधूरी रहेगी।
कार्यक्रम के प्रभारी एवं जिला अध्यक्ष समाजवादी शिक्षक सभा अरविंद कुमार यादव ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले और माता सावित्रीबाई फुले किसी देवतुल्य व्यक्तित्व से कम नहीं थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन सामाजिक कुरीतियों, जातिगत भेदभाव और असमानता के खिलाफ संघर्ष में समर्पित कर दिया। शिक्षा को सामाजिक बदलाव का सबसे बड़ा हथियार मानते हुए उन्होंने जिस समतामूलक समाज की कल्पना की, वही आज के भारत की आवश्यकता है।
समाजवादी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के जिला अध्यक्ष अमन सूर्यवंशी ने कहा कि यदि सावित्रीबाई फुले का संघर्ष और महिला शिक्षा का आंदोलन न होता, तो आज देश को द्रौपदी मुर्मू जैसी राष्ट्रपति और उत्तर प्रदेश को चार बार मुख्यमंत्री रहीं मायावती जैसी सशक्त महिला नेतृत्व शायद न मिल पाता। उन्होंने कहा कि सावित्रीबाई फुले का योगदान आज की महिला सशक्तिकरण की बुनियाद है।
कार्यक्रम में समाजवादी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के नवनियुक्त पदाधिकारी भी उपस्थित रहे, जिनमें ऋतिक यादव (विधानसभा अध्यक्ष), जसराम यादव (जिला सचिव), ऋषभ कुमार (जिला सचिव) और राहुल सिसोदिया (जिला मीडिया प्रभारी) शामिल रहे। इसके अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष समाजवादी छात्र सभा राजपाल यादव एडवोकेट, जिला सचिव रामपाल यादव, जिला महासचिव समाजवादी शिक्षक सभा कौशलेंद्र बाबू यादव, शिवम पटेल, अजय यादव, सदर विधानसभा अध्यक्ष चंद्रेश राजपूत सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ और युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान कार्यालय की नियमित सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देने पर कार्यालय प्रभारी भारद्वाज को भोजपुर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह यादव द्वारा कंबल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उनकी पत्नी के लिए स्वेटर एवं ₹500 की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त जिला अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव का शाल ओढ़ाकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने सावित्रीबाई फुले के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने, शिक्षा को सामाजिक बदलाव का माध्यम बनाने और समानता व सामाजिक न्याय की लड़ाई को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया।


