27.2 C
Lucknow
Friday, February 27, 2026

केबल बॉक्स फॉल्ट से हजियापुर विद्युत उपकेंद्र ठप, 80 गांवों की बिजली गुल, उपभोक्ता दिनभर परेशान

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद: शमशाबाद क्षेत्र में रविवार को तकनीकी खराबी के चलते भारी विद्युत संकट उत्पन्न हो गया। ग्राम हजियापुर स्थित विद्युत उपकेंद्र (power substation) में केबल बॉक्स में फॉल्ट (Cable box fault) आ जाने से रविवार सुबह से ही बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई, जिसके चलते इस उपकेंद्र से जुड़े करीब 80 गांव अंधेरे में डूब गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हजियापुर विद्युत उपकेंद्र, लुधैया विद्युत उपकेंद्र से जुड़ा हुआ है। इसी उपकेंद्र के विभिन्न फीडरों के माध्यम से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की जाती है। रविवार सुबह करीब 7 बजे अचानक केबल बॉक्स में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे उपकेंद्र की आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई।

तकनीकी खराबी के चलते सुबह से लेकर शाम करीब 4:30 बजे तक लगभग 80 गांवों के हजारों विद्युत उपभोक्ता बिजली से वंचित रहे। ग्रामीण इलाकों में पेयजल आपूर्ति, मोबाइल चार्जिंग और घरेलू कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। विद्युत व्यवस्था बाधित होने की सूचना मिलते ही विभागीय कर्मचारी मौके पर पहुंचे और दिनभर फॉल्ट ढूंढने व सुधार कार्य में जुटे रहे। हालांकि देर शाम तक भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी, जिससे उपभोक्ताओं में आक्रोश देखने को मिला।

इस संबंध में कनिष्ठ अभियंता (जेई) अब्दुल मजीद ने बताया कि केबल बॉक्स में फॉल्ट की सूचना मिलते ही कर्मचारियों को लगाया गया है। फॉल्ट को दूर करने का कार्य जारी है और शीघ्र ही विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।”

हालांकि समाचार लिखे जाने तक हजियापुर उपकेंद्र से जुड़े गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। ग्रामीण उपभोक्ताओं ने बताया कि आए दिन तकनीकी खराबी के कारण बिजली गुल हो जाती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जाता। ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि पुराने उपकरणों को बदला जाए।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article