– बेवर में युवती के रेप और मौत के मामले में आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
– कश्यप समाज के लोगों ने भी किया प्रदर्शन
लखनऊ: मैनपुरी (Mainpuri) के बेवर थाना क्षेत्र में हुई युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत और रेप के मामले में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। न्याय की मांग को लेकर युवती का परिवार और कश्यप समाज के लोग सोमवार को लखनऊ के हजरतगंज (Hazratganj) गांधी प्रतिमा पर धरना और प्रदर्शन करने पहुंचे। बेवर क्षेत्र में एक युवती के साथ रेप का आरोप लगा था।
घटना के बाद युवती का शव कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। परिवार का आरोप है कि युवती की रेप के बाद हत्या की गई है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, लेकिन परिवार का कहना है कि अन्य आरोपियों को बचाया जा रहा है। धरने पर बैठे परिजनों ने कहा कि पुलिस जांच निष्पक्ष नहीं है, कई संदिग्धों को पकड़ने की जगह उन्हें संरक्षण दिया जा रहा है, और परिवार को धमकियों का सामना भी करना पड़ रहा है।
परिजनों ने मुख्यमंत्री से लेकर उच्च अधिकारियों तक निष्पक्ष जांच की मांग की है। स्थान पर पहुंचे कश्यप समाज के लोगों ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावशाली लोगों के दबाव में पुलिस कार्रवाई कमजोर पड़ रही है। धरना प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि सभी आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी हो,पुलिस टीम बदली जाए, और मामले की जांच स्पेशल टीम से कराई जाए। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन लोगों में भारी नाराज़गी स्पष्ट दिखी।


