मॉस्को: रक्षा मंत्रालय ने बताया कि एंटोनोव एएन-22 सैन्य परिवहन विमान (An-22 military transport plane) मरम्मत के बाद अपनी पहली उड़ान के दौरान मंगलवार को रूस (Russia) के मध्य इवानोवो क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें सात लोग सवार थे। मंत्रालय ने कहा, विमान एक निर्जन क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। विमान के चालक दल के सदस्यों का पता लगाने के लिए एक खोज एवं बचाव दल दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हो गया है।
टीएएसएस ने बताया कि एएन-22 के टुकड़े तट और पानी में पाए गए हैं। एएन-22 एक भारी परिवहन विमान है जिसका उपयोग रूसी एयरोस्पेस फोर्सेज (वीकेएस) भारी हथियारों के परिवहन के लिए करती है।
रूसी टीवी चैनलों के अनुसार, इस विमान का अधिकतम टेकऑफ़ वज़न 225 टन और पेलोड क्षमता 60 टन है। 40 टन तक के कुल कार्गो वज़न के साथ, An-22 5,000 किलोमीटर से ज़्यादा की उड़ान भर सकता है।


