संत कबीर नगर: उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर (Sant Kabir Nagar) जिले के खलीलाबाद क्षेत्र में आज एक ट्रेलर और ट्रक (trailer and truck) की आमने-सामने की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल (injured) हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने बताया कि बस्ती-गोरखपुर लेन पर कांटे चौकी के पास क्षतिग्रस्त राजमार्ग पर मरम्मत कार्य चल रहा है।
उन्होंने कहा, इसके चलते कांटे से भुजैनी चौराहे तक वन-वे व्यवस्था लागू है। इसी बीच, तड़के 3:30 बजे फैजाबाद जिले से टावर लेकर आ रहा ट्रक और बस्ती से खलीलाबाद जा रहे ट्रेलर में आमने-सामने की टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। उन्होंने बताया, ट्रक के चालक और एक अन्य यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, दोनों ही वाहन के अंदर फंस गए। ट्रेलर में सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
एएसपी ने आगे बताया कि उसी ट्रक में सवार बस्ती जिले के कलवारी निवासी विकास पांडेय (30), सीतापुर निवासी अरविंद (32), अरुणेश (28), सर्वेश (28) और बहराइच निवासी राकेश (32) समेत पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्होंने बताया, दुर्घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी अमित कुमार, इंस्पेक्टर कोतवाली खलीलाबाद पंकज कुमार पांडेय और कांटे चौकी प्रभारी राम वशिष्ठ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि क्रेन की मदद से करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दोनों वाहनों को अलग किया गया। पुलिस ने ट्रक में फंसे दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


