भिक्षावृत्ति, अपराध और वीज़ा दुरुपयोग मामलों में वृद्धि बताई वजह
दुबई। पाकिस्तान के लिए बड़ा झटका माने जा रहे फैसले में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीज़ा जारी करना लगभग पूरी तरह रोक दिया है। पाकिस्तान के आंतरिक मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सीनेट पैनल के सामने इसकी पुष्टि की है।
सूत्रों के अनुसार, UAE वर्तमान में केवल डिप्लोमैटिक और सरकारी पासपोर्ट धारकों को ही वीज़ा जारी कर रहा है, जबकि आम नागरिकों द्वारा उपयोग किए जाने वाले ग्रीन पासपोर्ट के लिए वीज़ा निर्गमन लगभग फ्रीज़ कर दिया गया है। हालात इतने गंभीर हैं कि UAE ने पासपोर्ट पर बैन लगाने की चेतावनी भी दी है।
अधिकारी ने बताया कि यह कदम पाकिस्तान से आने वाले यात्रियों के बीच बढ़ती अवैध गतिविधियों, अपराध, भिक्षावृत्ति और वीज़ा दुरुपयोग के मामलों के कारण उठाया गया है। कई बार पर्यटक और विज़िट वीज़ा पर आने वाले लोग नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, जिससे UAE सरकार ने कठोर रुख अपनाया है।
इस फैसले का असर रोजगार और यात्रा की तलाश में UAE जाने वाले हजारों पाकिस्तानी नागरिकों पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।



