कोटा, राजस्थान। राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सीमलिया थाना क्षेत्र में भोपाल से खाटूश्यामजी के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के करीब आठ लोगों की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 6:30 बजे आठ लेन वाले दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुआ। वाहन में लगभग 25 श्रद्धालु सवार थे। बताया जा रहा है कि टेंपो ट्रैवलर नाले के ऊपर बने पुल से टकराने के बाद करीब 15 फीट नीचे जा गिरी, जिससे वाहन में सवार यात्रियों को गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में 15 से अधिक लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल यात्रियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या तथा पहचान की पुष्टि संबंधित अधिकारियों से होना बाकी है।


