– आज कन्नौज व फर्रुखाबाद में करेंगे बैठक
फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव की तैयारियों के बीच निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक डॉ. हीरालाल शनिवार को कन्नौज शाम 4 बजे और 6 बजे फर्रुखाबाद पहुंचेंगे। उनके दौरे के दौरान निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए बैठक प्रस्तावित है। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिहाज से यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में फर्रुखाबाद सहित कुल 12 जिले शामिल हैं। इनमें आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, अलीगढ़, एटा, कासगंज, मैनपुरी, इटावा, फर्रुखाबाद, हाथरस, औरैया और कन्नौज शामिल हैं। प्रस्तावित स्थलों पर राजनीतिक दलों से सुझाव और आपत्तियां भी आमंत्रित की गई थीं।
निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाना है। मतगणना 27 अक्टूबर को प्रस्तावित है, जबकि निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी की जानी है।
प्रेक्षक डॉ. हीरालाल की बैठक में मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं, मतदान कार्मिकों की तैनाती, मतपेटियों की सुरक्षा, निर्वाचन सामग्री, कानून-व्यवस्था तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन से जुड़े विषय महत्वपूर्ण रह सकते हैं।


