27.1 C
Lucknow
Friday, October 16, 2026

मतदेय स्थलों के पुनर्निर्धारण की तैयारी तेज, 19 अक्टूबर को जारी होगी प्रारूप सूची

Must read

 

फर्रुखाबाद। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदेय स्थलों के संभाजन, पुनर्निर्धारण और नए मतदेय स्थल स्थापित करने की प्रक्रिया को लेकर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन कराने और निर्धारित समयसीमा में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कहा गया कि मतदेय स्थलों की वर्तमान स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार बदलाव किए जाएं। जहां नए मतदेय स्थल स्थापित करने की जरूरत हो, वहां उपयुक्त भवनों का चयन किया जाए। इस प्रक्रिया में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विचार-विमर्श कर उनके सुझाव भी लिए जाएंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन, भवनों के चिन्हांकन और राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर प्रस्ताव तैयार करने की कार्रवाई 16 से 18 अक्टूबर तक पूरी की जानी है। इसके बाद 19 अक्टूबर को मतदेय स्थलों की प्रारूप सूची प्रकाशित की जाएगी। सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे अपनी आपत्तियां और सुझाव प्रस्तुत कर सकें।
प्रशासन की योजना के अनुसार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर शिकायतों एवं सुझावों का निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद 26 अक्टूबर को मतदेय स्थलों की सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी को 27 अक्टूबर तक प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय भेजने के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि निर्वाचन आयोग से अनुमोदन की प्रक्रिया आगे बढ़ सके।
बैठक में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदेय स्थलों के युक्तिकरण और पुनर्व्यवस्थापन की कार्रवाई 2 नवंबर तक पूरी की जाएगी। एकीकृत प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 12 नवंबर को होगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को प्रस्तावित है।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवाओं के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल कराने के लिए प्रारूप-6 भरवाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी सभी कार्य पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुरूप समय से पूरा करने को कहा, जिससे मतदाताओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
बैठक में भाजपा से मुकेश गुप्ता, बसपा से रामरतन गौतम, सपा से सुभाष चंद्र शाक्य और आम आदमी पार्टी से अंकुश सिंह उपस्थित रहे। इसके अलावा अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, सदर उपजिलाधिकारी संजय कुमार, कायमगंज उपजिलाधिकारी अभिषेक वर्मा, अमृतपुर उपजिलाधिकारी स्वेता साहू, न्यायिक सदर उपजिलाधिकारी दीपक माथुर, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव बिसारिया, अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी सुरेन्द्र पाल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article