लखनऊ। लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी चौधरी सुनील सिंह ने प्रेस वार्ता में एसआईआर, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और पंचायत चुनाव को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एसआईआर के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने पहुंचे लोगों को हिरासत में लिया गया। उनके मुताबिक, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन प्रतिबंधित करना जनता और विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास है।
सुनील सिंह ने कहा कि अब किसान भी इस लड़ाई में शामिल होंगे और ट्रैक्टरों के साथ दिल्ली पहुंचकर विरोध दर्ज कराएंगे। उन्होंने दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ कार्यक्रम को लोकदल का समर्थन देने की बात भी कही।
पंचायत चुनाव के मुद्दे पर उन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट के तीन महीने के भीतर चुनाव कराने के आदेश का स्वागत किया। सुनील सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार विधानसभा चुनाव से पहले पंचायत चुनाव कराने से बचना चाहती है और चुनाव टालने के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख कर सकती है। उन्होंने कहा कि लोकदल पंचायत चुनाव समय पर कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट में भी अपना पक्ष रखेगा।
सुनील सिंह ने कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र की महत्वपूर्ण इकाई हैं और इन्हें टालना ग्रामीण जनता के अधिकारों को प्रभावित करेगा। उन्होंने कहा कि एसआईआर से लेकर पंचायत चुनाव तक लोकदल, इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर जनता के अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाएगा।
एसआईआर के खिलाफ अब ट्रैक्टरों के साथ दिल्ली पहुंचेगा किसान: सुनील सिंह


