कमालगंज संवाददाता।
कमालगंज थाना क्षेत्र के कन्या विद्यालय वाली गली में मंगलवार को एक 3-4 साल का मासूम बच्चा लावारिस अवस्था में मिला है। स्थानीय लोगों की सूझबूझ से बच्चा सुरक्षित कमालगंज पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, बच्चा गली में अकेला घूमता हुआ देखा गया था। आसपास के लोगों ने उससे उसके परिवार के बारे में पूछताछ करने का प्रयास किया, लेकिन बच्चे की उम्र कम होने के कारण कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। अनहोनी की आशंका को देखते हुए लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए बच्चे को अपने पास सुरक्षित रखा और तत्काल कमालगंज पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्चे को अपनी अभिरक्षा में ले लिया है। फिलहाल बच्चा कमालगंज थाने पर सुरक्षित है। पुलिस द्वारा बच्चे के परिजनों की तलाश की जा रही है।
पुलिस की अपील – कमालगंज थाना पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को इस बच्चे के परिजनों के बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत कमालगंज थाने पर संपर्क करें। बच्चे के परिजन पहचान संबंधी पुष्टि के बाद थाने से बच्चे को अपने साथ ले जा सकते हैं।


