जौनपुर: जौनपुर के केराकत कोतवाली क्षेत्र के खटहरा गांव (Khatahra Village) में दुर्गा पूजा पंडाल (Durga Puja Pandal) के पास करंट की चपेट में आने से सात वर्षीय बालक की मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि पंडाल में लगाए गए टेंट के पाइप में करंट उतर गया था। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के इकलौते बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
खटहरा गांव निवासी नीरज सरोज का सात वर्षीय बेटा रिव्यांश सरोज उर्फ कल्लू मुर्तजाबाद-बगथरी स्थित माइक्रोटेक विद्यालय में एलकेजी का छात्र था। वह अपनी दो वर्षीय बहन से बड़ा और परिवार का इकलौता बेटा था, उसके पिता नीरज सरोज महाराष्ट्र के मुंबई-नासिक क्षेत्र में एक डेयरी कंपनी में काम करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में दुर्गा पूजा पंडाल लगाने की जिम्मेदारी गोलू टेंट हाउस को दी गई थी। पंडाल में टेंट का पाइप लगाते समय उसमें करंट उतरने की बात सामने आई है। इसी दौरान बालक करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और करंट उतरने की वजह क्या थी, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। हादसे की सूचना मिलते ही केराकत कोतवाली पुलिस के साथ चंदवक, जलालपुर और गौराबादशाहपुर थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी की. इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।
जिस घर में मासूम रिव्यांश की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब चीख-पुकार और सिसकियां सुनाई दे रही हैं। परिवार के इकलौते बेटे की मौत ने माता-पिता को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं। दुर्गा पूजा की तैयारियों के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया।


