– घटना के वक्त बहन श्रद्धा की मौजूदगी की बात आई सामने
– पांच संदिग्धों से पूछताछ जारी
– अयोध्या की ओर जाने के इनपुट पर जांच तेज
लखनऊ। कैफे मालिक शिवा शर्मा की मौत के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। घटना के समय श्रद्धा दुबे और उसकी बहन की मौजूदगी की बात सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, घटना के बाद श्रद्धा दुबे के अयोध्या की ओर जाने की सूचना मिली है। इस दिशा में हजरतगंज पुलिस टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस पांच संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े लोगों की भूमिका, घटना से पहले की गतिविधियों और बाद में उनके आने-जाने के रास्तों की जानकारी जुटा रही है।
सूत्रों के अनुसार, श्रद्धा दुबे का पहले तलाक हो चुका था और वह शिवम के साथ रह रही थी। पुलिस इस पहलू समेत मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है। हालांकि, निजी संबंधों से जुड़ी इन जानकारियों और घटना में किसी की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।


