भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल (Bhopal) से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। श्रमोदय आवासीय विद्यालय में खाने में छिपकली (lizard) मिलने से हड़कंप मच गया है। आरोप है कि रात के समय परोसे गए भोजन में छिपकली गिरी हुई थी, जिसे खाने से लगभग 13 बच्चे गंभीर रूप से बीमार हो गए।
बच्चों की तबीयत बिगड़ने के बाद आनन-फानन में सभी प्रभावित छात्रों को राजधानी के जेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक और शिक्षा विभाग के अधिकारियों में भी खलबली मच गई है।
घटना शनिवार रात की बताई जा रही है जब छात्र हॉस्टल में खाना खा रहे थे। इसी दौरान खाने में छिपकली मिलने की बात सामने आई। फिलहाल, जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा मामले की जांच की जा रही है कि आखिर बच्चों के खाने में लापरवाही कैसे बरती गई।


