लखनऊ: दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क (Elon Musk) की कंपनी स्टारलिंक को भारत में लाइसेंस न मिलने पर ट्वीट कर सवाल खड़े किए, जिस पर राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी, जो सत्ता पक्ष को बिल्कुल रास नहीं आई। ऐसे में भाजपा के तमाम नेता राहुल गांधी पर हमलावर हैं। डिप्टी सीएम केशव मौर्य (Keshav Maurya) ने भी तीखा हमला बोला है।
केशव मौर्य ने कहा कि राहुल गांधी ऐसी कठपुतली बन गए हैं, जिसे भारत के प्रति शत्रुता और विद्वेष रखने वाला तथा भारत का उपहास उड़ाने वाला कोई भी विदेशी आसानी से अपने स्वार्थ के लिए इस्तेमाल कर सकता है। अपने ऐसे धतकर्मों से पहले ही अपनी कांग्रेस का बेड़ा गर्क करने के बाद अब वे देश की प्रतिष्ठा को भी पलीता लगाने की बेजा हरकत कर रहे हैं।
मस्क ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा था कि स्टारलिंक के पास 165 से ज़्यादा देशों में लाइसेंस है और उसने भारत सरकार के हर कानून और ज़रूरत को मानते हुए पांच साल बिताए हैं, तो फिर अभी तक लाइसेंस क्यों नहीं है? क्या अंबानी भारत के असली बॉस हैं? जिस पर राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी।
मस्क के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने लिखा था कि भारत में आपका स्वागत है, एलन, दूसरे आदमी को खोजने तक इंतज़ार करें। जिसके बाद मस्क ने राहुल गांधी के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा- धन्यवाद, राहुल, यह वाकई परेशान करने वाला है।


