लखनऊ
तालकटोरा क्षेत्र स्थित राजाजीपुरम में स्ट्रीट डॉग को गोली मारने के मामले में पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। बाइक सवार की पहचान करने के लिए पुलिस ने करीब 11 किलोमीटर के रास्ते पर लगे सैकड़ों CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली है। जांच के दौरान बाइक सवार हजरतगंज की सुलतानगंज पुलिस चौकी तक दिखाई दिया, लेकिन इसके आगे उसकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
पुलिस के सामने आरोपी की पहचान करना चुनौती बना हुआ है। CCTV फुटेज में बाइक का नंबर साफ नजर नहीं आ रहा है। इसके अलावा, घटना के समय बाइक सवार ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उसका चेहरा भी स्पष्ट नहीं हो सका। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे अन्य कैमरों की फुटेज की मदद से आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
यह घटना मंगलवार सुबह राजाजीपुरम के सी ब्लॉक स्थित ग्रीनफील्ड स्कूल के पास हुई थी। आरोप है कि बाइक से पहुंचे एक व्यक्ति ने स्ट्रीट डॉग को गोली मार दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया और पशु संरक्षण से जुड़े लोगों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मामले में आसरा द हेल्पिंग हैंड्स ट्रस्ट की चारू खरे और अनु बोस ने तालकटोरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल बाइक का नंबर स्पष्ट नहीं होने और आरोपी का चेहरा दिखाई नहीं देने के कारण जांच में मुश्किलें आ रही हैं। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है।


