फर्रुखाबाद। जनपद में मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ बारिश और कई इलाकों में जोरदार ओलावृष्टि हुई। अचानक बदले मौसम से सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हुई और वाहनों की रफ्तार थम गई।
आसमान में घने बादल छाने के बाद तेज हवा चली और देखते ही देखते बारिश शुरू हो गई। इसके साथ कई स्थानों पर ओले गिरने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को सुरक्षित स्थानों पर रुकना पड़ा।
मौसम में आए बदलाव से तापमान में गिरावट महसूस की गई। किसानों के लिए भी अचानक हुई ओलावृष्टि चिंता का विषय बनी है। हालांकि, जिले में ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का आधिकारिक आकलन अभी सामने नहीं आया है।
मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 8 अक्टूबर को गरज-चमक, आंधी/झोंकेदार हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।


