अमृतपुर। फर्रुखाबाद-बदायूं मार्ग पर बुधवार रात पुराने बस अड्डे के पास एक पिकअप अनियंत्रित होकर करीब 10 फीट गहरी खाई में जा पलटी। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया। पिकअप क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन चालक को गंभीर चोट नहीं आई।
नगला वसोला निवासी वीरेंद्र पुत्र मोहनलाल पिकअप से माल उतारकर अपने घर लौट रहे थे। वीरेंद्र के अनुसार रात में मौसम खराब था। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक की तेज रोशनी सीधे आंखों पर पड़ने से कुछ देर के लिए सड़क साफ दिखाई नहीं दी।
रोशनी से विचलित होकर पिकअप का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे करीब 10 फीट गहरी खाई में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने चालक को बाहर निकाला। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। क्षतिग्रस्त पिकअप को खाई से बाहर निकालने की कार्रवाई की गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।


