फर्रुखाबाद। पुलिस लाइन ग्राउंड, फतेहगढ़ में मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में 69वीं जनपदीय माध्यमिक विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी ने ध्वजारोहण एवं बैलून उड़ाकर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया और विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं का परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनके मानसिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी लगन और उत्साह के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने तथा खेल भावना एवं अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने आकर्षक मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया। जनपद के फतेहगढ़, फर्रुखाबाद एवं कायमगंज क्षेत्र के माध्यमिक विद्यालयों से लगभग 270 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों में अपनी प्रतिभा साबित करने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।
जिलाधिकारी ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने आयोजन से जुड़े अधिकारियों एवं शिक्षकों को निर्देश दिए कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा सुविधा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे मंडलीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में जनपद का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। ऐसे में खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन के लिए पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, खेल प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


