30.7 C
Lucknow
Tuesday, October 6, 2026

एयरपोर्ट के लेबर कैंप में भीषण आग, 17 कमरे जलकर राख

Must read

 

जान बचाने को दूसरी मंजिल से कूदा मजदूर

लखनऊ। लखनऊ एयरपोर्ट परिसर में मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे मजदूरों के लिए बनाए गए अस्थायी लेबर कैंप में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते तीन मंजिला इमारत के 17 कमरे जलकर राख हो गए। आग की लपटें करीब 20 फीट तक उठती रहीं और करीब दो किलोमीटर दूर से धुआं दिखाई दिया। सूचना मिलते ही दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

हादसे में दो मजदूर घायल हुए हैं। बिहार निवासी 30 वर्षीय निर्मल आग की चपेट में आने से मामूली रूप से झुलस गया, जबकि प्रतापगढ़ निवासी 26 वर्षीय राहुल कुमार ने आग से बचने के लिए दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उसे चोट आई। दोनों को कृष्णानगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जिस इमारत में आग लगी, वह एयरपोर्ट टर्मिनल से करीब 250 से 300 मीटर दूर थी। मजदूरों के रहने के लिए इसे पीवीसी और प्लास्टिक सामग्री से अस्थायी तौर पर तैयार किया गया था। इसी वजह से आग ने बेहद तेजी से पूरे कैंप को अपनी चपेट में ले लिया। कैंप में करीब 300 मजदूर रह रहे थे, जो एयरपोर्ट परिसर में एक होटल के निर्माण कार्य में लगे हैं।

मजदूर रामपाल ने बताया कि वह रात की ड्यूटी के बाद सो रहा था। अचानक नीचे के तल पर आग लग गई। कुछ ही देर में कई कमरे आग की चपेट में आ गए। ऊपर होने के कारण किसी तरह जान बचाई, लेकिन कपड़े और पैसे समेत पूरा सामान जल गया। वहीं मूलचंद ने बताया कि वह रात करीब तीन बजे तक ड्यूटी करने के बाद सोया था। शोर सुनकर आग की जानकारी हुई और मजदूर जान बचाकर बाहर भागे।

दमकल अधिकारियों के मुताबिक आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। एयरपोर्ट से महज कुछ दूरी पर आग लगने के बावजूद विमानों के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article